रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जावरा के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 किलो ड्रग और हथियारों के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार

 रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जावरा के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 किलो ड्रग और हथियारों के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जावरा के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 किलो ड्रग और हथियारों के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार

जावरा (रतलाम)। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जावरा तहसील के ग्राम चिकलाना में पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक मकान पर छापा मारकर अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, रसायन और हथियार बरामद किए गए हैं।

मस्जिद के पीछे चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस को सूचना मिली थी कि चिकलाना स्थित दिलावर खां नामक व्यक्ति के मकान में, जो मस्जिद के पीछे स्थित है, पिछले एक साल से संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की तस्दीक के बाद रात करीब 1:00 बजे भारी पुलिस बल ने इलाके की घेराबंदी की। अचानक हुई इस छापेमारी से हड़कंप मच गया।

बड़ी मात्रा में ड्रग और उपकरण बरामद

मौके से पुलिस को लगभग 5 किलो तैयार एमडी ड्रग मिली है। इसके अलावा एमडी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले केमिकल से भरे कई ड्रम, निर्माण में प्रयुक्त अत्याधुनिक उपकरण और भारी मात्रा में अवैध हथियार भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यहां बड़े पैमाने पर ड्रग तैयार कर अन्य क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी।

एसपी ने भोपाल से की मॉनिटरिंग

रतलाम एसपी अमित कुमार पिछले तीन दिनों से इस ऑपरेशन की गुप्त रूप से निगरानी कर रहे थे। उन्होंने भोपाल में अस्थाई कंट्रोल रूम बनाकर पूरी कार्रवाई की कमान संभाली और विशेष टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। विशेष टीमों द्वारा तीन दिनों तक की गई रेकी के बाद ही इस योजनाबद्ध कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

10 से अधिक हिरासत में, इलाका छावनी में तब्दील

पुलिस ने मौके से 10 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान एएसपी राकेश खाखा, एएसपी (ग्रामीण) विवेक लाल, एसडीओपी संदीप मालवीय, सीएसपी युवराज सिंह चौहान सहित कालूखेड़ा और जावरा थाने का भारी बल और फॉरेंसिक टीम मौजूद रही।

फिलहाल, पुलिस जब्त सामग्री की गणना कर रही है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।