कोरबा: रेशम विभाग के कर्मचारियों के घर दबिश, 2.21 लाख की अवैध इमारती लकड़ी जब्त

 कोरबा: रेशम विभाग के कर्मचारियों के घर दबिश, 2.21 लाख की अवैध इमारती लकड़ी जब्त

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

कोरबा: रेशम विभाग के कर्मचारियों के घर दबिश, 2.21 लाख की अवैध इमारती लकड़ी जब्त

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कुदमुरा ग्राम में वन विभाग की टीम ने तीन घरों में छापेमारी कर 2.21 लाख रुपये मूल्य की सागौन और साल की कीमती लकड़ियाँ बरामद की हैं। इस मामले में रेशम विभाग के दो कर्मचारियों सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

40 अधिकारियों की टीम ने दी दबिश

डीएफओ (DFO) प्रेमलता यादव को कुदमुरा रेंज मुख्यालय में अवैध लकड़ी जमा होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीओ (SDO) एसके सोनी के नेतृत्व में 40 वन अधिकारियों की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस बल के साथ टीम ने रेशम विभाग परिसर सहित आठ संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच की।

इनके खिलाफ हुई कार्रवाई

जांच के दौरान टीम ने कुदमुरा निवासी श्याम दास, राम दास और लछन सिंह राठिया के घर और बाड़ियों से लकड़ी बरामद की। आरोपियों में शामिल रामदास गांव का कोटवार बताया जा रहा है। जब्त की गई लकड़ियों में अधिकांश सागौन प्रजाति की हैं, जिन्हें मकान बनाने के उद्देश्य से जंगल से काटकर लाया गया था।

विभाग की सख्त चेतावनी

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि लकड़ी तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह सरकारी कर्मचारी ही क्यों न हो। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है जो जंगली क्षेत्रों पर कड़ी नजर रख रही है। इस कार्रवाई में कुदमुरा, करतला, पसरखेत और बालको रेंज के अधिकारी शामिल रहे।