झारखंड शराब घोटाला: फरार आरोपी नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर रांची ला रही ACB
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
झारखंड शराब घोटाला: फरार आरोपी नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर रांची ला रही ACB
रांची/दुर्ग:झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसीबी की टीम ने मामले के मुख्य आरोपियों में से एक, छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रांची के लिए रवाना हो गई है।
अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद से था फरार
नवीन केडिया पर शराब घोटाले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आरोप है। एसीबी ने उसे पूछताछ के लिए समन जारी कर तलब किया था, लेकिन वह जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इस बीच, केडिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए एसीबी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। जमानत याचिका रद्द होने के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था।
रांची में होगी कोर्ट में पेशी
एसीबी की टीम नवीन केडिया को रांची लाने के बाद संबंधित अदालत में पेश करेगी। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी अदालत से केडिया की रिमांड की मांग करेगी ताकि घोटाले से जुड़े अन्य अहम सुरागों और सिंडिकेट के नेटवर्क के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा सके।
क्या है मामला?
झारखंड में शराब वितरण और राजस्व से जुड़े इस बड़े घोटाले की जांच एसीबी सरगर्मी से कर रही है। इस मामले के तार छत्तीसगढ़ से भी जुड़े पाए गए हैं, जिसके तहत नवीन केडिया को नामजद किया गया था। इस गिरफ्तारी को मामले की तफ्तीश में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।










