रायगढ़: ₹10 हजार के कर्ज ने रिश्तों में घोला जहर; भाई ने साथियों के साथ मिलकर बहन और जीजा को बेरहमी से पीटा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
रायगढ़: ₹10 हजार के कर्ज ने रिश्तों में घोला जहर; भाई ने साथियों के साथ मिलकर बहन और जीजा को बेरहमी से पीटा
घरघोड़ा (रायगढ़): छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ महज 10 हजार रुपये के उधारी विवाद को लेकर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी ही सगी बहन और जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में पति-पत्नी दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
पैसे मांगने पहुँचा था साला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बटुराकछार निवासी मेहतरीन बाई यादव का विवाह क्रोंधा निवासी महावीर यादव से हुआ था। महावीर ने कुछ समय पहले अपने साले दिनेश यादव से घरेलू काम के लिए 10 हजार रुपये उधार लिए थे। शनिवार रात करीब 8 बजे दिनेश अपने दो साथियों, मान सिंह चौहान और होरी सिंह चौहान के साथ बटुराकछार पहुँचा और पैसों की मांग करने लगा।
मना करने पर शुरू की मारपीट
उस वक्त महावीर घर पर नहीं था। जब मेहतरीन ने बताया कि उसके पति काम पर गए हैं और आने के बाद पैसे लौटा देंगे, तो विवाद शुरू हो गया। सूचना मिलने पर जब महावीर घर पहुँचा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आई बहन को भी नहीं बख्शा
जब मेहतरीन अपने पति को बचाने के लिए बीच में आई, तो भाई दिनेश ने अपनी ही बहन पर रहम नहीं खाया और उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट में दंपती के चेहरे, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता मेहतरीन बाई की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी दिनेश यादव और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।










