शादी का झांसा देकर 8 साल तक शारीरिक शोषण: बालोद में सरकारी स्कूल का सहायक शिक्षक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
शादी का झांसा देकर 8 साल तक शारीरिक शोषण: बालोद में सरकारी स्कूल का सहायक शिक्षक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक सरकारी स्कूल के सहायक शिक्षक को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। औराभाठा स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ 43 वर्षीय शिक्षक रज्जू महिलांग पर एक 50 वर्षीय महिला ने शादी का झांसा देकर पिछले 8 वर्षों से शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शादी का वादा कर किया शोषण
पीड़ित महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने उसे शादी का प्रलोभन दिया था और इसी झांसे में रखकर वह पिछले करीब आठ सालों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब आरोपी अपने वादे से मुकर गया, तब पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का झूठा वादा कर यौन संबंध बनाना) और धारा 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रज्जू महिलांग को गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।










