दुर्ग में महिला की जली लाश मिलने के मामले का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
दुर्ग में महिला की जली लाश मिलने के मामले का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार
दुर्ग, दुर्ग जिले के पुरई गांव में आठ दिसंबर की सुबह खेल मैदान के पीछे पैरावट (पुआल के ढेर) में मिली एक महिला की जली हुई लाश से फैली सनसनी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच के बाद पुलिस ने मृतका के प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
मृतका की शिनाख्त उर्मिला निषाद के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उर्मिला का पिछले कई वर्षों से विजय बांधे नामक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। उर्मिला लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे तंग आकर आरोपी विजय ने उसकी हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत आरोपी ने पहले एक हार्डवेयर की दुकान से चापट (धारदार हथियार) खरीदा, फिर एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल लिया। वह उर्मिला को शादी में काम करने के बहाने अपने साथ पुरई ले गया। वहां नहर के किनारे उसने गला रेतकर उर्मिला की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के इरादे से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले आधे जले चप्पल, धारदार हथियार, मोमोज के टुकड़ों और मोजों को महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए जांच शुरू की। पांच किलोमीटर के दायरे में दुकानदारों से पूछताछ और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के आधार पर आरोपी विजय की पहचान की गई।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।









