कोरबा जिले में वनकर्मियों पर हमला करने वाले लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3.40 लाख की अवैध लकड़ी जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
कोरबा जिले में वनकर्मियों पर हमला करने वाले लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3.40 लाख की अवैध लकड़ी जब्त
कोरबा, कोरबा वन विभाग ने अपने कर्मचारियों पर हमला करने वाले लकड़ी तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। डीएफओ (Divisional Forest Officer) कार्यालय से जारी सर्च वारंट के आधार पर वन विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर जोगीपाली नवाडीह में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान छह संदिग्ध हमलावरों के घरों और बाड़ियों से साल और खम्हार जैसी विभिन्न प्रजातियों की कुल 362 नग अवैध इमारती लकड़ी बरामद की गई। जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत 3 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है।
घटना का विवरण
यह कार्रवाई कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र में हाल ही में हुई एक गंभीर घटना के बाद की गई है। बीते दिनों, रामपुर के सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी चमरू सिंह कंवर और बीटगार्ड गजाधर सिंह राठिया हाथियों के झुंड की निगरानी के लिए जोगीपाली जंगल गए थे।
उसी दौरान उन्हें मुड़धोवा पतरा जंगल से लकड़ी तस्करी की सूचना मिली। जब वनकर्मी मौके पर पहुंचे, तो ट्रैक्टर में लकड़ी लोड कर रहे तस्करों ने उन पर हमला कर दिया था। इस हमले के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जोगीपाली नवाडीह में रहने वाले छह संदिग्ध हमलावरों के घरों की तलाशी के लिए सर्च वारंट जारी किया था।
आरोपियों के घरों से बड़ी मात्रा में लकड़ी बरामद
रविवार सुबह, वन विभाग की 6 टीमों ने, जिनमें 6 रेंज के कुल 70 अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे, करतला पुलिस के साथ मिलकर जोगीपाली नवाडीह में दबिश दी। टीम ने मनाराम पटेल, गनपत पटेल, पनडेवा लाल पटेल, भोला पटेल, अंकुश पटेल और गनेश्वर राठिया के घरों और बाड़ियों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान, जमीन में छिपाकर रखी गई कुल 5.488 घन मीटर लकड़ी (362 नग) बरामद की गई। विभाग के अनुसार, जिन घरों पर छापामारी की गई, उनमें से अधिकांश उन तस्करों के थे जिन्होंने कथित तौर पर वन कर्मियों पर हमला किया था।
सभी आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की रक्षा करने वाले कर्मचारियों पर हमले के ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









