छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल कर्मी से आठ लाख वसूलने वाला आरोपी गिरफ्तार, ऊंची पहुंच का झांसा देकर नौकरी छीनने की दी थी धमकी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
++++++++++++++++++++++++++++++++++
कोरबा के बांकी मोगरा निवासी एसईसीएल कर्मी से ऊंची पहुंच का हवाला देकर नौकरी छीनने की धमकी देकर 8 लाख रुपये वसूलने वाले को दीपका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के परिचितों ने दबाव बनाया लेकिन पुलिस ने जांच जारी रखी।
कोरबा।बांकी मोंगरा निवासी एसईसीएल कर्मी दीनदयाल से डरा-धमकाकर 8 लाख रुपये की वसूली करने वाले आरोपी प्रवीण झा को दीपका थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के भारतीय नगर निवासी प्रवीण झा (36 वर्ष, पिता रामनंद झा) ने दीनदयाल को अपनी ऊँची पहुँच का हवाला देकर डराया और नौकरी छिनवाने की धमकी दी। इस तरह उसने दीनदयाल से धीरे-धीरे 8 लाख रुपये और 2.5 लाख रुपये का चेक वसूल लिया।
डरा-सहमा दीनदयाल परेशान हो गया और उसने अपने रिश्तेदारों व दोस्तों को इसकी जानकारी दी। उनके सुझाव पर उसने दीपका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रवीण झा को बिलासपुर से गिरफ्तार कर दीपका लाया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तारी के बाद कुछ प्रभावशाली लोगों के फोन पुलिस को आने लगे, जो कार्रवाई पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच और कार्रवाई जारी रखी।दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 371/25, धारा 308(2) बीएनएस के तहत प्रवीण झा को गिरफ्तार किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।








