छत्तीसगढ़ में करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड दीपक टंडन कोर्ट में पेश: चेहरे पर बेफिक्री की हंसी और थम्ब्स-अप; SECL ठेके से लेकर AI ब्लैकमेलिंग तक 8 मामलों का काला चिट्ठी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
छत्तीसगढ़ में करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड दीपक टंडन कोर्ट में पेश: चेहरे पर बेफिक्री की हंसी और थम्ब्स-अप; SECL ठेके से लेकर AI ब्लैकमेलिंग तक 8 मामलों का काला चिट्ठी
रायपुर।छत्तीसगढ़ में करोड़ों रुपए की ठगी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में गिरफ्तार होटल कारोबारी दीपक टंडन को आज रायपुर पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। कोर्ट परिसर में पुलिस फोर्स पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। खास बात यह रही कि इतनी गंभीर धाराओं में घिरे होने के बावजूद दीपक टंडन के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी; पेशी के दौरान वह हंसता हुआ नजर आया और मीडिया व लोगों को थम्ब्स-अप का इशारा करता दिखा। पुलिस ने कोर्ट से आरोपी की तीन दिन की रिमांड मांगी है।
SECL में ठेका दिलाने के नाम पर हुई है 8वीं FIR
हाल ही में दर्ज हुई 8वीं FIR के सिलसिले में उसे कोर्ट में पेश किया गया है। इस मामले के मुताबिक, SECL में ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है:
शिकायतकर्ता: विकास कुमार नागले (सिक्योरिटी एजेंसी मैनेजर) और श्याम सिंह ठाकुर (एजेंसी संचालक)।
आरोप: SECL कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने का झांसा देकर विकास से 25 लाख और श्याम से 31 लाख रुपए ऐंठे गए।
चेक बाउंस: जब काम नहीं हुआ और पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी टंडन टालमटोल करता रहा। उसने जो चेक दिए, वे बैंक में बाउंस हो गए।
पत्नी के साथ मिलकर रची ठगी की साजिश
रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ कुल 5 FIR दर्ज हैं। इसके अलावा बिलासपुर, सक्ती और कोरबा जिलों में भी मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ मुख्य आपराधिक मामले इस प्रकार हैं:
होटल पर कब्जा और धमकी: वीआईपी रोड स्थित ‘साधना मंडप’ (होटल वेलकम श्री) की लीज खत्म होने के बाद भी कब्जा न छोड़ने, नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला।
जमीन और रेस्टोरेंट का सौदा: आशीष जायसवाल से 16,500 वर्गफीट जमीन और ‘एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट’ बेचने के नाम पर 36 लाख रुपए ठगने का आरोप (यह जमीन दीपक और उसकी पत्नी के नाम पर थी ही नहीं)।
फॉर्च्यूनर गाड़ी के नाम पर ठगी: इसी शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल से 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने के बाद न तो गाड़ी दी और न ही पैसे लौटाए।
सरकारी कोयला टेंडर: सक्ती के सिटी कोतवाली थाने में किशन शर्मा की शिकायत पर मार्च 2022 में बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर कोयले का सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपए ठगने का मामला (गारंटी में बंद बैंक खाते का चेक दिया गया)।
AI से आपत्तिजनक वीडियो/फोटो वायरल करना: बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तैयार कर न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप।
8 जिलों में फैला है ठगी का जाल
छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा समेत विभिन्न जिलों में दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ करोड़ों की ठगी, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और धमकी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके काले कारनामों से जुड़े तमाम दस्तावेजों व साक्ष्यों को खंगालने में जुटी है।





