बालोद जिले में शर्मसार कर देने वाली वारदात: विश्वकर्मा पूजा के दौरान 2 मासूम बच्चियों से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

************************************

 

 

 

बालोद जिले में शर्मसार कर देने वाली वारदात: विश्वकर्मा पूजा के दौरान 2 मासूम बच्चियों से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

गुंडरदेही (बालोद)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के एक गांव में जब पूरा गांव विश्वकर्मा पूजा और मूर्ति विसर्जन के उत्सव में मग्न था, तब एक हैवान ने दो मासूम बच्चियों को हवस का शिकार बना डाला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

बहला-फुसलाकर साइकिल पर ले गया, गमछे से बांधा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 सितंबर की दोपहर की है। गांव में विश्वकर्मा पूजा और विसर्जन की तैयारियां चल रही थीं और ग्रामीण आयोजनों में व्यस्त थे। इसी मौके का फायदा उठाकर गांव के ही 36 वर्षीय आरोपी ललित ठाकुर ने चौथी और छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली (उम्र 10 वर्ष और 12 वर्ष) दो मासूम बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपनी साइकिल के कैरियर पर बैठा लिया। आरोपी ने दोनों बच्चियों को गमछे से बांध दिया ताकि वे भाग न सकें और उन्हें करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित एक सुनसान खेत में ले गया।

हैवानियत के बाद दी 50-50 रुपये की रिश्वत

सुनसान खेत में आरोपी ने दोनों बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने बच्चियों को धमकी दी और किसी को भी घटना के बारे में न बताने और चुप रहने के लिए 50-50 रुपये थमा दिए।

ग्रामीणों ने देखा, परिजनों को दी सूचना

घटना के समय आरोपी जब मासूमों को खेत की तरफ ले जा रहा था, तब गांव के कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया था। ग्रामीणों को जब अनहोनी का अंदेशा हुआ तो उन्होंने बच्चियों के परिजनों को इसकी जानकारी दी। उधर, हिम्मत जुटाकर घर पहुँची मासूम बच्चियों ने परिजनों को रोते हुए आपबीती सुनाई।

24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत गुंडरदेही थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी ललित ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। एसडीओपी श्रुति सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी ललित ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया। 19 सितंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

दो बच्चों का पिता है आरोपी

जांच में सामने आया है कि आरोपी ललित ठाकुर शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। वह खेती-किसानी के साथ-साथ मजदूरी का काम भी करता है। आरोपी की इस घिनौनी हरकत से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।