रायपुर में आधी रात सनसनी: पुलिस गश्त देख Tata Magic छोड़ भागे आरोपी, गाड़ी के अंदर चादर में बंधी मिली लाश
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***********************************
रायपुर में आधी रात सनसनी: पुलिस गश्त देख Tata Magic छोड़ भागे आरोपी, गाड़ी के अंदर चादर में बंधी मिली लाश
रायपुर। राजधानी के धरसींवा इलाके में शुक्रवार तड़के गश्त के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात करीब 1:15 बजे संदिग्ध अवस्था में घूम रही एक टाटा मैजिक का पीछा कर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर जवानों के होश उड़ गए। वाहन में चादर से बंधी एक व्यक्ति की लाश पड़ी थी, जिसका एक पैर बाहर लटक रहा था। पुलिस की नाकेबंदी देखते ही आरोपी वाहन को शीतला मंदिर के पास छोड़कर अंधेरे में खेतों की ओर फरार हो गए।

नहर पुलिया के पास संदिग्ध मोड़ और घेराबंदी
धरसींवा पुलिस की टीम परसतराई गांव में नहर पुलिया के पास रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान सामने से आती टाटा मैजिक को रुकवाने का प्रयास किया गया, तो चालक गाड़ी पीछे करने लगा। पूछताछ में उसने खुद को रावाभाठा का निवासी बताते हुए वाहन को बुकिंग पर चलाने का दावा किया। इसी बीच मोटरसाइकिल से दो और युवक पहुंचे, जिनमें से एक ने खुद को रावाभाठा का जिला अध्यक्ष बताया। इसके बाद चालक ने वाहन को परसतराई बस्ती की ओर तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी शीतला मंदिर के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
हत्या कर शव ठिकाने लगाने की थी साजिश
वाहन की तलाशी लेने पर चादर में लिपटा हुआ शव बरामद हुआ। प्रारंभिक परिस्थितियों से साफ है कि आरोपियों ने हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से टाटा मैजिक में लादा था। मृतक की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद शव को मरच्युरी भेज दिया गया है।
गाड़ी पर लिखे नंबर से खुला पहला सुराग
टाटा मैजिक पर दर्ज मोबाइल नंबर की जांच करने पर वह खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा निवासी संजय उर्फ मोरध्वज चौहान का निकला। चूंकि वारदात से जुड़े मुख्य तार खमतराई क्षेत्र से जुड़े हैं, इसलिए मर्ग कायम कर केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए खमतराई थाने स्थानांतरित कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले में कई अहम सुराग और कड़ियां हाथ लग चुकी हैं। मृतक की शिनाख्त और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें मुस्तैद हैं। संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार शाम तक पुलिस इस पूरे हत्याकांड का आधिकारिक राजफाश कर देगी।





