दुर्ग जिले में जल चढ़ाने जा रही महिला पर एसिड अटैक: आरोपी गिरफ्तार, दो बच्चे भी झुलसे; बातचीत बंद करने पर वारदात को दिया अंजाम

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***********************************

 

 

दुर्ग जिले में जल चढ़ाने जा रही महिला पर एसिड अटैक: आरोपी गिरफ्तार, दो बच्चे भी झुलसे; बातचीत बंद करने पर वारदात को दिया अंजाम

दुर्ग:छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में जल चढ़ाने जा रही करीब 35 वर्षीय महिला पर एसिड से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला पर बैटरी का तेजाब फेंक दिया, जिससे महिला और उसके पास मौजूद दो बच्चे झुलस गए। सूचना मिलते ही हरकत में आई नंदिनी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुरानी जान-पहचान और बातचीत बंद होने पर रंजिश

पुलिस जांच के अनुसार, पीड़िता और आरोपी एक ही गांव के निवासी हैं तथा लगभग छह महीने पहले एक ही कंपनी में साथ काम करते थे। इसी दौरान दोनों में जान-पहचान हुई थी, लेकिन बाद में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला ने पिछले कुछ दिनों से आरोपी से बातचीत करना बंद कर दिया था। इसी नाराजगी और रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

कांवड़/जल यात्रा के दौरान किया हमला

पीड़िता दुर्ग से धमधा की ओर जल चढ़ाने जा रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे घेरकर हमला कर दिया। तेजाब के छीटें पास मौजूद दो बच्चों पर भी पड़े, जिससे वे भी झुलस गए।

पुलिस की जांच जारी

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी मणि शंकर चंद्र ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में महिला से नाराजगी की बात सामने आई है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि हमला योजनाबद्ध था या अचानक गुस्से में किया गया, और आरोपी ने बैटरी का तेजाब कहां से हासिल किया था।