पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए, विरोध करने पर पत्थर से कुचलकर की महिला मजदूर की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

 पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए, विरोध करने पर पत्थर से कुचलकर की महिला मजदूर की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

********************************

 

 

 

पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए, विरोध करने पर पत्थर से कुचलकर की महिला मजदूर की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

 

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में मिली महिला मजदूर की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। इस अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह पर बुलाया था, जहां जबरदस्ती करने में नाकाम रहने पर उन्होंने पत्थर से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष यादव (19 वर्ष, निवासी पीसेगांव) और नितेश ठाकुर (20 वर्ष, निवासी चंदखुरी) के रूप में हुई है।

16 जुलाई से लापता थी महिला, झाड़ियों में मिला था शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका भगवंतीन साहू पेशे से मजदूर थी। वह 16 जुलाई को हमेशा की तरह काम पर निकली थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। इसी दौरान पुलिस को पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में परिजनों ने शव की शिनाख्त भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि यह मामला शुरुआत में पूरी तरह से अंधा कत्ल (Blind Murder) था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और इलाके के करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से भी कड़ी पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सुरागों के आधार पर पुलिस का शक हर्ष यादव और नितेश ठाकुर पर गहराया, जिसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया।

गुमराह करते रहे आरोपी, कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म

हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों आरोपी शुरुआत में पुलिस को लगातार गुमराह करते रहे। लेकिन जब पुलिस ने उनके सामने कड़े तकनीकी सबूत और सीसीटीवी फुटेज रखे, तो वे टूट गए और अपना गुनाह कबूल कर लिया।आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गए थे।

वहां उन्होंने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी, तो आरोपी डर गए। उन्होंने पकड़े जाने के डर से पहले महिला का गला दबाया और फिर पास ही पड़े एक बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।