रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: नॉर्थ जोन में बदमाशों पर शिकंजा, 62 आरोपी भेजे गए जेल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: नॉर्थ जोन में बदमाशों पर शिकंजा, 62 आरोपी भेजे गए जेल
रायपुर:राजधानी में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चाकूबाजों, गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई
यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें नॉर्थ जोन के सभी थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करना है।
62 आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पण्डरी और खम्हारडीह क्षेत्र में सक्रिय चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और संदिग्धों की धरपकड़ की गई। कुल 62 आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है।
बदमाशों को सख्त हिदायत
अभियान के दौरान पुलिस ने शरारती और उपद्रवी तत्वों को थाने में हाजिर कर सख्त चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की बदमाशी या अपराध में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस की इस सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के इस कदम की सराहना की है।












