राजनांदगांव: मूकबधिर युवती को शराब पिलाकर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार

 राजनांदगांव: मूकबधिर युवती को शराब पिलाकर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

राजनांदगांव: मूकबधिर युवती को शराब पिलाकर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार

डोंगरगढ़ (राजनांदगांव): छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक मूकबधिर युवती को मेले के बहाने ले जाकर उसके साथ सामूहिक अपराध को अंजाम दिया गया। डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कांशी राम जांगड़े और उसका साथ देने वाले रितेश लोधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मेले के बहाने ले जाकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 जनवरी 2026 की है। ग्राम धरमुटोला निवासी आरोपी कांशी राम जांगड़े (26 वर्ष), जो मूंदगांव मुर्गी फार्म हाउस में काम करता था, पीड़िता को शाम करीब 5:00 बजे मोटरसाइकिल पर बोदेला मेला घुमाने के बहाने ले गया था। जब पीड़िता रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात पीड़िता अपने घर के बाहर शराब के नशे में बेसुध हालत में मिली।

इशारों में बयां की आपबीती

पीड़िता मूकबधिर और श्रवण बाधित है। अगले दिन 14 जनवरी को होश आने पर उसने इशारों के माध्यम से परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। डोंगरगढ़ पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ‘आस्था मूकबधिर शाला’ राजनांदगांव के विशेषज्ञों की मदद से पीड़िता के बयान दर्ज किए।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी कांशी जांगड़े ने पीड़िता की स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद वह उसे अपने किराए के कमरे में ले गया, जहाँ उसने पीड़िता के साथ बलात्कार किया। इस घिनौने कृत्य में रितेश लोधी (27 वर्ष) ने आरोपी का पूरा सहयोग किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(क) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

कांशी राम जांगड़े (मुख्य आरोपी): पिता सुरज जांगड़े, निवासी ग्राम धरमुटोला।

रितेश लोधी (सहयोगी): पिता बिरेन्द्र लोधी, निवासी ग्राम रखाकठेरा।