भक्ति और चोरी का अजीब मेल: भिलाई में भगवान को प्रणाम कर मंदिर का सामान समेट ले गई महिला, CCTV में कैद हुई करतूत
भक्ति और चोरी का अजीब मेल: भिलाई में भगवान को प्रणाम कर मंदिर का सामान समेट ले गई महिला, CCTV में कैद हुई करतूत
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से चोरी का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ने चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले और बाद में जिस तरह की श्रद्धा दिखाई, उसे देखकर हर कोई दंग है। पूरा मामला भिलाई के मछली मार्केट स्थित गणेश मंदिर का है।
सीसीटीवी में कैद हुई ‘श्रद्धालु’ चोरनी
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के अनुसार, मंदिर के दरवाजे खुले हुए थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला मंदिर के भीतर प्रवेश करती है। मंदिर में घुसते ही महिला ने पहले बड़ी श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन किए।
सामान झोले में भरा और माथा टेककर हुई फरार
दर्शन करने के तुरंत बाद महिला ने अपना असली रंग दिखाया। उसने मंदिर के गर्भगृह और आसपास रखे पीतल के बर्तन और अन्य कीमती सामान एक-एक कर अपने झोले में भरना शुरू कर दिया। जब सारा सामान झोले में समा गया, तो महिला ने भागने से पहले एक बार फिर भगवान के सामने पूरी श्रद्धा से माथा टेका, आशीर्वाद लिया और झोला लेकर रफूचक्कर हो गई।
बाहर खड़ा रहा साथी
फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि जब महिला अंदर चोरी कर रही थी, तब एक पुरुष मंदिर के बाहर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। माना जा रहा है कि वह महिला का साथी था।
मंदिर समिति ने इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अब महिला और उसके साथी की तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोग इस घटना की चर्चा कर रहे हैं कि कैसे एक महिला ने भगवान के घर में ही चोरी की और फिर उन्हीं से ‘आशीर्वाद’ लेकर फरार हो गई










