छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में गांजा तस्करी करने के लिए पुलिस गाड़ी बनाकर कर रहा था तस्करी सायरन-बत्ती लगी गाड़ी देख पुलिस भी खा गई चकमा, जाने पूरा मामला
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
+++++++++++++++++++++++++++++++++++
छत्तीसगढ़ के बस्तर में नशा तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. बताया जा रहा है कि एक पुलिस लिखी हुई स्कॉर्पियो से गांजा तस्करी की जा रही थी. वहीं पुलिस ने 56 किलो गांजा जब्त कर लिया है. इसकी कीमत लगभग 5.60 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
जगदलपुर।बस्तर में गांजा तस्करी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. पुलिस को चकमा देने के लिए एक तस्कर ने स्कॉर्पियो वाहन पर POLICE लिखवा रखा था. इतना ही नहीं, उसने गाड़ी पर सायरन और नीली-लाल बत्ती भी लगाई हुई थी ताकि कोई शक न करे. लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक चल नहीं पाई. नगरनार पुलिस को शक हुआ तो उसने धनपुंजी फॉरेस्ट नाके पर वाहन की तलाशी ली. जांच के दौरान पुलिस को गाड़ी से भारी मात्रा में गांजा मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
वहीं जब पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें से 56 किलो गांजा बरामद हुआ. इसकी कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर जगदलपुर के रास्ते से तस्करी करता था. आरोपी ने पूरी तैयारी के साथ पुलिस जैसी गाड़ी तैयार कर रखी थी, ताकि कोई उसे रोक न सके. लेकिन नगरनार पुलिस की सतर्कता से यह मामला पकड़ा गया. जैसे ही पुलिस ने वाहन रोका, तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.
आरोपी की तलाश में पुलिस
फिलहाल नगरनार पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया है. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपी एक बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ हो सकता है, जो उड़ीसा से लगातार बस्तर और आसपास के जिलों में गांजा सप्लाई करता है. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.








