गूगल से नंबर लेकर करते हैं कस्टमर केयर को कॉल तो अलर्ट हो जाइए, IG ने अपने लेटर में कई खुलासे
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के आईजी ने गूगल को एक लेटर लिखा है। उन्होंने कहा कि गूगल में आने वाले फर्जी कस्टमर केयर नंबर से लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में गूगल को इन नंबरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने इस तरह के नंबर से लोगों को भी अलर्ट किया है।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के आईजी रामगोपाल गर्ग ने गूगल को लेटर लिखा है। 15 मई बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने गूगल के नोडल अधिकारी को पत्र लिखते हुए गूगल के पेज में फ्लैश हो रहे फर्जी कस्टमर केयर नंबर को लेकर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। आईजी का कहना है कि गूगल सर्च पेजों पर प्रदर्शित फर्जी कस्टमर केयर नंबरों के कारण हो रही धोखाधड़ी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए। लेटर में कहा गया है ‘विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध करने वाले सायबर ठग गूगल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर प्रमुख बैंकों, बीमा कंपनियों, होटलों, वॉलेट्स, यूपीआई, गैस एजेंसियों, चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं के कस्टमर केयर नंबरों को अपडेट करने के नाम से लोगों को ठगने का कार्य कर रहे हैं।’


रामगोपाल गर्ग ने बताया है कि ‘अक्सर गूगल के विज्ञापनों का उपयोग धोखेबाजों द्वारा किया जाता है। गूगल सर्च परिणामों में फर्जी नंबर सबसे ऊपर दिखते हैं चूंकि उपयोगकर्ता गूगल सर्च परिणामों पर भरोसा करते हैं, वे इन फर्जी नंबरों को असली कस्टमर केयर नंबर मान लेते हैं और परिणामस्वरूप अपनी संवेदनशील और गोपनीय जानकारी दूसरों से शेयर कर देते हैं।

गूगल को जानकारी देने में फंस जाते हैं
इंटरनेट यूजर्स गूगल के नंबर को सही मानते हैं और कई बार ठगी करने वालों के जाल में फंसते जाते हैं। उन्होंने गूगल को आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के माध्यम से कहा कि इस प्रकार की धोखाधड़ी गतिविधियों से समाज पर गलत प्रभाव पड़ते हैं। इसके लिए गूगल के लिए आवश्यक सभी कदम उठाना महत्वपूर्ण है। जिससे नागरिकों को इस तरह की धोखाधड़ी से बचाया जा सके।






