शराब पीने के लिए मांगे रुपये, मना करने पर छात्र को कार से उतारकर उस्तरा से हमला कर दिया

 शराब पीने के लिए मांगे रुपये, मना करने पर छात्र को कार से उतारकर उस्तरा से हमला कर दिया

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी

बिलासपुर। पुराना बस स्टैंड के पास बदमाश युवक ने छात्र से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मना करने पर उसने छात्र को कार से उतारकर उस्तरा से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। हमले में घायल छात्र ने घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

उसलापुर के आनंदनगर में रहने वाले आदित्य कोसले विद्यार्थी हैं। फिलहाल वे नीट की तैयारी कर रहे हैं। गुरुवार को वे अपने टीचर अरुण कुमार भारती के साथ चाय पीने के लिए पुराना बस स्टैंड के पास गए थे। कार पर ही बैठकर वे चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक उनकी कार के पास आ गया। उसने आदित्य की कार का दरवाजा शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मना करने पर उसने छात्र को खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की। मना करने पर युवक ने आदित्य पर उस्तरा से हमला कर दिया। हमले में घायल छात्र ने डायल 112 को काल किया। पुलिस के पहुंचने तक आसपास के लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया। पुलिस की टीम आरोपित युवक को पकड़कर थाने ले आई। यहां पूछताछ में आरोपित युवक ने अपना नाम शेख आशिक उर्फ जिशान निवासी करबला बताया। हमले में घायल आदित्य ने घटना की शिकायत तारबाहर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

रात होते ही बन जाता है बदमाशों का ठिकाना
रात होते ही पुराना बस स्टैंड के पास असामाजिक तत्व का जमावड़ा होने लगता है। पास में ही शराब दुकान होने के कारण यहां पर आए दिन शराब के नशे में मारपीट की शिकायत मिलती है। पुलिस पेट्रोलिंग की टीम भी यहां कार्रवाई नहीं करती। इसके कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।