फेसबुक पर बच्चों के अश्लील वीडियो अपलोड करने वाला गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी
बिलासपुर। कोनी क्षेत्र में रहने वाले युवक ने फेसबुक पर बच्चों का अश्लील वीडियो अपलोड कर दिया। एनसीआरबी की साइबर टीप लाइन ने इसकी जानकारी कोनी थाने को दी। इस पर कोनी पुलिस ने आइटी एक्ट और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
कोनी थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने क्षेत्र में रहने वाले युवक ने अपने मोबाइल से फेसबुक पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड कर दिया था। बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो की निगरानी करने वाली एनसीआरबी की टीप लाइन ने इसकी जानकारी राज्य पुलिस मुख्यालय को दी थी। राज्य पुलिस मुख्यालय से जानकारी मिलने के बाद जुर्म दर्ज कर मामले की जांच की गई। मोबाइल सिम रजिस्ट्रेशन के आधार पर पूछताछ की गई तो संबंधित मोबाइल को रमतला में रहने वाला अमित कुमार डहरिया(24) चला रहा था। उसके कब्जे से पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पोर्न वीडियो से दूर रहे युवा
इंटरनेट पर पोर्न वीडियो की भरमार के बीच पुलिस ने एक अपील जारी की है। कोनी थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि अश्लील वीडियो से मन पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। बच्चों से संबंधित वीडियो इंटरनेट पर अपलोड करना गंभीर अपराध है। इसकी निगरानी केंद्रीय एजेंसी एनसीआरबी की साइबर टीप लाइन करती है। बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करते ही इसकी जानकारी साइबर टीप लाइन तक पहुंच जाती है। इससे संबंधित जांच के बाद साइबर टीप लाइन से संबंधित राज्य को सूचना भेज दी जाती है। इसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करती है।





