सूर्योदय से पहले रिमझिम बारिश वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा और इससे लगे जिले संभावित हैं।

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान, संपादक वीरेंद्र चौधरी

बिलासपुर- आसमान में चारों ओर बादलों का डेरा है। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त ठंडी हवाएं आ रही है। शहर कोहरे से लिपटा हुआ है। मौसम को देख मन खुशी से झूम रहा है। सूर्योदय से पहले रिमझिम बारिश देखने को मिली, धुंध व ठंड ने कई क्षेत्रो में किया बेहाल

न्यायधानी में दिन के साथ अब रात में भी ठंड बढ़ने लगी है। दिन में जहां तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है तो वहीं रात में पारा सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। इस वजह से सर्दी अधिक महसूस हो रही है। सुबह बिस्तर से उठने का मन नहीं कर रहा। ठंडे पानी में उंगली डालते ही शरीर में कंपन होने लगता है। दिन में भी घरों में अलाव जलने लगा है। शाम होते ही कंपकंपी महसूस होने लगती है। रात में सर्द हवाएं चलने लगी हैं। शहर के अलावा ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।
खाड़ी से नमी के चलते आए बादल
मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बादल छाए रहे। प्रदेश में 21 जनवरी को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है।
आज दर्शन दे सकते हैं सूर्यदेव
मौसम विभाग की मानें तो रविवार से उत्तर छग में न्यूनतम तापमान गिरावट होने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा और इससे लगे जिले संभावित हैं। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि 21 जनवरी की दोपहर से बादल छंटने शुरू हो जाएंगे। इसके बाद ठंड बढ़ेगी। कोहरे का असर तेज होगा। 27 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 20.8 13
पेंड्रारोड 19.7 9.6
अंबिकापुर 23.2 7.2
माना 24.2 15.6
जगदलपुर 29 7.8