छत्‍तीसगढ़ में नक्‍सली समस्‍या पर डिप्‍टी CM शर्मा बोले- नक्‍सली सामने नहीं आना चाहते तो मैं वीडियो काल से बात करने को तैयार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान

रायपुर- गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सली यदि सामने नहीं आना चाहते हैं तो वे उनसे वीडियो काल पर भी बात करने के लिए तैयार हैं। रायपुर के सिविल लाइन स्थित स्थित हेल्पलाइन नंबर-112 मुख्यालय का दौरा करने के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सली यदि चाहें तो मीडिया के माध्यम से बात कर वे लोग अपनी बात कर रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम नक्सलियों से पूछना चाहते हैं कि आखिर विकास को रोकने का कारण क्या है।

गृह मंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले वे नारायणपुर गए थे तो वहां के रहवासियों से मिले थे। वहां के युवक चाहते हैं कि उनके गांव का विकास हो। उन्होंने कहा कि नक्सल क्षेत्र में काम कर रहे जवानों के लिए सुरक्षा के बहुत सारे उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने जवानों की सुरक्षा को अपना पहला धर्म और कर्तव्य बताया।

कंट्रोल रूम पहुंचकर कार्यप्रणाली देखी

राजधानी रायपुर के सिविल लाईन स्थित डायल 112 के कंट्रोल रूम पहुंचकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने अधिकारियों को इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और आकस्मिक विपत्ति पड़े लोगों को तत्काल सहायता मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कंट्रोल रूम में पुलिस के आला अफसरों के साथ इस सुविधा को प्रदेशभर में लागू करने के संबंध में विचार विमर्श किया। बैठक में अधिकारियों ने कंसलटेंट कंपनी द्वारा तैयार किए गए पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से परियोजना के संपूर्ण प्रदेश में प्रस्तावित क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी दी।