बाइक को बचाने अचानक रुका हाइवा, पीछे से टकराई बस, आधा दर्जन यात्री घायल हादसे के बाद बस का ड्राइवर और क्लीनर दोनों वहां से फरार हो गए

मोहम्मद आसिफ खान हेड ब्यूरो छत्तीसगढ़, राम स्नेही गुप्ता मैनेजिंग एडिटर,
अंबिकापुर। बुधवार सुबह शहर के नमना कला रिंग रोड में पालीटेक्निक कालेज के पास तेज रफ्तार बाइक सवार अचानक डिवाइडर के बीच में घुस आया। उसे बचाने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा को चालक ने रोक दिया। इसके चलते पीछे आ रही यात्री बस हाइवा से टकरा गई। दुर्घटना में बस के सामने बैठे आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। बस अम्बिकापुर से झारखंड के गढ़वा की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा कि एक मोटरसाइकिल सवार जिला न्यायालय के पीछे वाली सड़क से तेज गति से निकल और सीधे रिंग रोड के बीचोबीच रास्ते में आ गया। मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पहले हाइवा के चालक ने गाड़ी रोक दी। उसके ठीक पीछे आ रही सूरज बस अनियंत्रित होकर हाइवा से टकरा गई। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। बस के टकराने के बाद सामने बैठे कई यात्री झटके से इधर-उधर गिर गए और उन्हें चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्से में चोटें आई। हादसे के बाद बस का ड्राइवर और क्लीनर दोनों वहां से फरार हो गए।

रिंग रोड के एक हिस्से में जाम
घटना के बाद रिंग रोड के एक हिस्से में जाम लग गया। उधर हाइवा चालक भी घटना के बाद अपनी वाहन लेकर निकल भागा। बस के चालक और परिचालक के भाग जाने के बाद उसमें सवार यात्री काफी परेशान रहे। उन्हें गढ़वा की ओर जाना था। बस में यात्रा के लिए उन्होंने टिकट के पैसे दिए थे और आगे की यात्रा के लिए उनके पास दूसरा कोई साधन नहीं था। लिहाजा वे परेशान हाल में खड़े रहे।
सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। इधर जानकारी मिलने पर बस संचालक भी वहां आया। उसने यात्रियों को दूसरे वाहन से गढ़वा की ओर भेजने की व्यवस्था की। आसपास के लोगों ने बताया कि रिंग रोड में कई स्थानों पर इस तरह के डिवाइडर बनाए गए हैं जो अक्सर हादसे का कारण बनते हैं। बुधवार को इसके कारण गंभीर दुर्घटना होते – होते टल गई।





