छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से महकेगा अयोध्या, राम लला के ननिहाल से जाएगा 300 टन चावल

रिपोर्टर आसिफ खान, वीरेन्द्र चौधरी की रिपोर्ट भिलाई दुर्ग से
छत्तीसगढ़ रामलला की जननी माता कौशल्या की जन्म भूमि है, इसलिए भगवान राम छत्तीसगढ़ के भांजे है. अयोध्या में राम लला को लगने वाले भोग और भंडारा के लिए 300 टन चावल आर. बी. गोल्ड किस्म का चावल भेजा जाएगा.
रायपुर : सनातनियों के आराध्य देव भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर छत्तीसगढ़ में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. दरअसल, अयोध्या में 22 जनवरी को राम लला के प्राण प्रतिष्ठा होनी है. जिसको लेकर पूरे देश में भव्य तैयारियां चल रही है.

वहीं छत्तीसगढ़ में भी इस दिन को लेकर काफी तैयारियां की जा रही है. भगवान राम को छत्तीसगढ़ के चावल का भोग लगाया जाएगा. इसके लिए पूरे प्रदेश से लगभग 3 सौ टन चावल को अयोध्या भेजा जाएगा. ये अब तक कि सबसे बड़ी चावल की खेप है जो अयोध्या पहुंचेगी. इस चावल को छत्तीसगढ़ के कई जिलों से एकत्रित करके अयोध्या भेजा जाएगा.
छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोशिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ को यह अवसर मिल रहा है. यह बहुत गौरव की बात है कि आगामी 22 जनवरी को भगवान राम लला का प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या में होने वाला है. छत्तीसगढ़ भगवान राम का मामा पक्ष है. छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है इसलिए छत्तीसगढ़ से मायरा स्वरूप 300 टन चावल अयोध्या भेजा जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी स्थित राम मंदिर से 11 ट्रैकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यानी छत्तीसगढ़ का सुगंधित चावल की खुशबू पूरे अयोध्या में फैलने वाली है 30 लाख से ज्यादा लोग छत्तीसगढ़ के चावल का स्वाद लेंगे ।





