छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: गुलाबी ठंड की विदाई, अब सताएगी चुभती गर्मी; 34 डिग्री पहुंचा पारा

 छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: गुलाबी ठंड की विदाई, अब सताएगी चुभती गर्मी; 34 डिग्री पहुंचा पारा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

++++++++++++++++++++++++++

 

 

छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: गुलाबी ठंड की विदाई, अब सताएगी चुभती गर्मी; 34 डिग्री पहुंचा पारा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण हुई बारिश के बाद अब प्रदेश में गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अब बारिश की संभावना खत्म हो गई है और आने वाले तीन दिनों में तापमान में और भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

राजनांदगांव और रायपुर सबसे गर्म

प्रदेश में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। राजनांदगांव और राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो राज्य में फिलहाल सबसे अधिक है। बस्तर संभाग के लगभग सभी जिलों में पारा 30 डिग्री के पार जा चुका है। वहीं, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग में भी गर्मी का असर दिखने लगा है।

रात में राहत, दिन में तपिश

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हर दिन इजाफा होगा, हालांकि रात के तापमान में फिलहाल स्थिरता बनी रहेगी। अंबिकापुर जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री के आसपास होने के कारण सुबह के वक्त हल्की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही चिलचिलाती धूप लोगों को बेहाल कर रही है।

होली के बाद और बढ़ेगी गर्मी

फरवरी बीतने के साथ ही छत्तीसगढ़ से ठंड की पूरी तरह विदाई हो चुकी है। मौसम शुष्क होने के कारण अब उमस और गर्मी बढ़ने के आसार हैं। राहत की बात यह है कि अगले सात दिनों तक तापमान में किसी बड़े उछाल की संभावना नहीं है, लेकिन होली के बाद प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। गर्मी की आहट को देखते हुए लोगों ने अपने घरों में कूलर और पंखों की साफ-सफाई शुरू कर दी है।