पढ़ाया-लिखाया, दारोगा बनाया; अब अफसर पत्नी ने पति पर ही ठोक दी FIR, थाने पहुंचा बेबस पति

 पढ़ाया-लिखाया, दारोगा बनाया; अब अफसर पत्नी ने पति पर ही ठोक दी FIR, थाने पहुंचा बेबस पति

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

पढ़ाया-लिखाया, दारोगा बनाया; अब अफसर पत्नी ने पति पर ही ठोक दी FIR, थाने पहुंचा बेबस पति

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से ‘ज्योति मौर्य’ जैसा ही एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पूठा के रहने वाले गुलशन कुमार ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। गुलशन का आरोप है कि जिस पत्नी के करियर के लिए उसने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, आज वही अधिकारी बनने के बाद उसे पहचानने से इनकार कर रही है और उस पर झूठे केस दर्ज करा रही है।

क्या है पूरा मामला?

गुलशन कुमार के अनुसार, उनकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। शादी के समय उनकी पत्नी शिक्षित नहीं थी, लेकिन गुलशन ने उसे आगे पढ़ाने का फैसला किया। गुलशन ने मजदूरी और कड़ी मेहनत करके पैसे जोड़े ताकि पत्नी कोचिंग कर सके और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सके। गुलशन का दावा है कि उसकी मेहनत रंग लाई और पत्नी का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) के पद पर हो गया।

अफसर बनते ही बदले सुर

गुलशन का आरोप है कि दारोगा बनने के बाद पत्नी के व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया। ट्रेनिंग पूरी करने और वर्दी पहनने के बाद उसने गुलशन से दूरी बनानी शुरू कर दी। पीड़ित पति का कहना है कि अब उसकी पत्नी उसे अपने स्तर का नहीं समझती और उससे पीछा छुड़ाना चाहती है।

दहेज उत्पीड़न का मुकदमा और जान का खतरा

गुलशन कुमार ने बताया कि पत्नी ने अब उस पर और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न (498A) का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया है। इतना ही नहीं, पत्नी ने पुलिस विभाग में शिकायत दर्ज कराई है कि उसे अपने पति गुलशन से जान का खतरा है। गुलशन का कहना है कि जो व्यक्ति खुद दाने-दाने को मोहताज होकर पत्नी को अफसर बनाने में लगा रहा, वह उसे नुकसान क्यों पहुंचाएगा?

SP से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित पति ने हापुड़ एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गुलशन का कहना है कि उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। उसने मांग की है कि उसकी मेहनत और समर्पण की अनदेखी न की जाए और उसे इस मानसिक और कानूनी प्रताड़ना से बचाया जाए।