केबीसी की हॉट सीट पर सरगुजा की शिक्षिका: विभा चौबे ने रचा इतिहास, अमिताभ बच्चन के सवालों का देंगी जवाब

 केबीसी की हॉट सीट पर सरगुजा की शिक्षिका: विभा चौबे ने रचा इतिहास, अमिताभ बच्चन के सवालों का देंगी जवाब

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

********************************

 

केबीसी की हॉट सीट पर सरगुजा की शिक्षिका: विभा चौबे ने रचा इतिहास, अमिताभ बच्चन के सवालों का देंगी जवाब

अंबिकापुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लिए गर्व का क्षण आया है। दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका विभा चौबे ने देश के सबसे प्रतिष्ठित रियलिटी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में अपनी बुद्धिमानी का लोहा मनवाया है। विभा ने न केवल ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ जीता, बल्कि केबीसी की हॉट सीट तक पहुँचने वाली सरगुजा जिले की पहली महिला शिक्षिका होने का गौरव भी हासिल किया है।

31 दिसंबर और 1 जनवरी को होगा प्रसारण

केबीसी द्वारा जारी किए गए नवीनतम प्रोमो के अनुसार, विभा चौबे नए साल के खास मौके पर यानी 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठी नजर आएंगी। इस खबर के सामने आते ही दरिमा स्कूल सहित पूरे सरगुजा जिले और प्रदेश के शिक्षा जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

कठिन परिश्रम से पाया मुकाम

विभा चौबे का केबीसी तक का सफर चुनौतियों भरा रहा। इस मंच तक पहुँचने के लिए उन्हें कई कठिन चयन प्रक्रियाओं, ऑडिशन और चुनौतीपूर्ण पड़ावों को पार करना पड़ा। वर्षों की निरंतर पढ़ाई और ज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा ने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुँचाया है। विभा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि एक शिक्षिका न केवल भविष्य गढ़ती है, बल्कि अपनी मेहनत से खुद भी इतिहास रच सकती है।

प्रेरणा बनीं विभा

आज विभा चौबे की पहचान सिर्फ एक शिक्षिका तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वे छत्तीसगढ़ की उन बेटियों के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं जो अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा रखती हैं। उनकी इस उपलब्धि से सरगुजा के गौरव में इजाफा हुआ है और यह आने वाली पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा साबित होगी।

पूरा प्रदेश अब 31 दिसंबर की रात का इंतजार कर रहा है, जब छत्तीसगढ़ की यह बेटी महानायक के सामने बैठकर अपनी ज्ञान शक्ति का प्रदर्शन करेगी।