मौसम विभाग ने तीन दिन शीतलहर की चेतावनी दी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
मौसम विभाग ने तीन दिन शीतलहर की चेतावनी दी
दुर्ग।मंगलवार को दुर्ग में न्यूनतम तापमान सीजन के अब तक के सबसे निचले स्तर पर दर्ज किया गया। यहां तापमान पहली बार 8.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम है। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान भी दुर्ग में 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बता दें कि दिसंबर माह में जिले में अब तक न्यूनतम तापमान 29 दिसंबर 2014 और 20 दिसंबर 2021 को रिकॉर्ड 5.4 डिग्री तक गिरा था। पिछले साल 16 दिसंबर को 7.2 डिग्री तक लुढ़का था।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों, 10 से 12 दिसंबर के बीच, दुर्ग के साथ सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में तीव्र शीतलहर चलने की संभावना है। वर्तमान मौसम स्थिति पर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है, जो मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक गर्त के रूप में सक्रिय है। यह तंत्र 23° उत्तरी अक्षांश के ऊपर 81° पूर्वी देशांतर के साथ फैला हुआ है, जिससे ठंडी उत्तरी हवाएं प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने शीतलहर से बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ, जिससे उत्तरी जिलों में ठिठुरन और बढ़ गई। फिलहाल ट्विनसिटी में रात के समय हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस हो रही है। जगह-जगह लोग अलाव का सहारा ले रहे।








