मध्य प्रदेश के इंदौर में दर्दनाक हादसा, ढलान पर चढ़ते समय बस ने खोया नियंत्रण, गहरी खाई में गिरी… 3 लोगों की मौत; कई घायल

 मध्य प्रदेश के इंदौर में दर्दनाक हादसा, ढलान पर चढ़ते समय बस ने खोया नियंत्रण, गहरी खाई में गिरी… 3 लोगों की मौत; कई घायल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

+++++++++++++++++++++++++++++++++

हादसा तब हुआ ढलान पर चढ़ते समय बस ने नियंत्रण खो दिया। हादसे में जिंदा बचे एक शख्स ने बताया कि एक ढाबे पर खाना खाने के बाद चालक बस को कुछ दूर ले गया, तभी बस खाई में गिर गई।

इंदौर.मध्य प्रदेश के इंदौर में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा सिमरोल थाना क्षेत्र के भेरू घाट इलाके में हुआ। ढलान वाली सड़क पर चढ़ते हुए बस ने नियंत्रण खो दिया और गहरी खाई में जा गिरी। जिस वक्त ये हादसा हुआ बस में कई यात्री सवार थे।

मृतकों में दो महिलाएं शामिल

जिला प्रशासन के अनुसार, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। हादसे के बाद 9 लोगों को इंदौर के एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। लगभग 30 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

कलेक्टर ने बताया कैसे हुआ हादसा?

हादसे को लेकर जानकारी देते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा, “सिमरोल के पास एक बस दुर्घटना हुई है। ढलान वाली सड़क पर चढ़ते समय एक बस खाई में गिर गई। इस दुखद घटना में 9 लोग घायल हुए हैं और 3 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है। घायलों में से एक को छुट्टी दे दी गई है। 8 लोगों का उपचार जारी है। सभी व्यक्तियों को सर्वोत्तम संभव उपचार मिल रहा है। इस घटना की जांच की जाएगी।”

 

CM मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “इंदौर और महू के बीच एक बस के पलटने के कारण हुए हादसे में तीन नागरिकों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। मृतकों के निकटतम परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपए और घायलों का नि:शुल्क उपचार करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से दिवंगत की पुण्यात्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।”

 

हादसे में जीवित बचे लोगों में से एक नवल सिंह चौहान ने बताया, “बस ओंकारेश्वर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। एक ढाबे पर खाना खाने के बाद चालक बस को कुछ दूर ले गया, तभी बस खाई में गिर गई।” वहीं, पीड़ितों में से एक के रिश्तेदार ने बताया कि उनकी सास अनीता बाई भी उन लोगों में शामिल थीं, जिनकी मौत हो गई।