अभी तक राजनंदगांव लोकसभा में सिमटे भूपेश बघेल अब अन्य क्षेत्रों में फोकस, सभा करने की बनाई रणनीति

 अभी तक राजनंदगांव लोकसभा में सिमटे भूपेश बघेल अब अन्य क्षेत्रों में फोकस, सभा करने की बनाई रणनीति

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

 

 

भूपेश बघेल बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और कांकेर में आम सभा करेंगे

पार्टी ने बघेल को राजनांदगांव से बनाया है प्रत्याशी

अब तक अपनी ही सीट पर फोकस कर रहे थे बघेल

 

 

रायपुर। लोकसभा के तीसरे चरण के चुनाव में कांग्रेस ने ताकत झोंक दी है। अपने उग्र और आक्रामक तेवरों के लिए मशहूर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अभी तक अपने ही लोकसभा क्षेत्र तक सिमटे हुए थे अब उनका जोर दूसरी अन्य लोकसभा सीटों पर होगा। इसके लिए उन्होंने सभा करने की रणनीति तैयार की है।

राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार विधानसभा चुनाव में हुए नुकसान की भरपाई के लिए भूपेश ने लोकसभा चुनाव में पसीना बहा रहे हैं। अब उनका रुख बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और कांकेर की ओर होगा। भूपेश इस चुनाव में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। उनकी सीट पर दूसरे चरण में मतदान हो चुका है और अभी तक अपनी सीट को ही जीतने की जद्दोजहद कर रहे भूपेश ने अपना दायरा बढ़ा दिया है।

बताया जाता है कि भूपेश की पसंद पर जो प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं उनको जिताने के लिए वह अब ताकत झोंकेंगे। उन्हीं सीटों पर स्टार प्रचारकों में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की भी सभा कराने की तैयारी कर रहे हैं।

आज बिलासपुर में राहुल की सभा के साथ भूपेश

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 29 अप्रैल को बिलासपुर दौरे पर आएंगे। गांधी कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव के लिए चुनाव प्रचार करेंगे और सकरी स्थित सिंचाई कालोनी मैदान उनकी आमसभा होगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार देवेंद्र यादव भी भूपेश की पसंद वाले प्रत्याशी हैं। ऐसी सीटों पर भूपेश ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि बिलासपुर में राहुल दोपहर 3.40 बिलासपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4.15 से 5.10 बजे तक तक सकरी में सभा करेंगे। 5.45 बजे बिलासपुर हवाई अड्डे से दिल्ली रवाना होंगे।

 

 

30 को आएंगे खरगे

 

30 अप्रैल को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सक्ती में जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट के लिए चुनावी प्रचार करने आएंगे। प्रदेश में यह खरगे का इस चुनाव का पहला दौरा होगा। प्रियंका गांधी भी आने वाली हैं। हालांकि अभी उनके आने की तारीख तय नहीं हुई है। उनकी सभा कोरबा या रायगढ़ में हो सकती है।