नेपाल-तिब्बत सीमा पर भीषण बाढ़: कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहीं छत्तीसगढ़ की 3 महिलाएं लापता, अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

**********************************

 

 

 

नेपाल-तिब्बत सीमा पर भीषण बाढ़: कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहीं छत्तीसगढ़ की 3 महिलाएं लापता, अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल

अंबिकापुर/रायपुर: नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई अचानक और भीषण बाढ़ ने कैलाश मानसरोवर यात्रा से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं पर भारी तबाही बरपाई है। इस प्राकृतिक आपदा में छत्तीसगढ़ की तीन महिलाओं के लापता होने की दुखद खबर सामने आई है। लापता श्रद्धालुओं में अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की पुत्री और ब्रिटेन (इंग्लैंड) में कार्यरत प्रसिद्ध चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं।

इमारत ढहने से कटा 80 लोगों का संपर्क

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. मीना गुप्ता लगभग 80 श्रद्धालुओं के एक दल के साथ कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर गई थीं। यात्रा संपन्न करने के बाद, 25 अगस्त को यह दल नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित आव्रजन (इमिग्रेशन) कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान अचानक आई प्रचंड बाढ़ के तेज बहाव में वहां स्थित एक तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस हादसे के बाद से डॉ. मीना गुप्ता सहित पूरे दल के लगभग 80 यात्रियों से परिवार का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

रायपुर और बिलासपुर की महिलाएं भी लापता

डॉ. मीना गुप्ता के अलावा इस आपदा में रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी के भी लापता होने की सूचना है। तीनों महिलाओं के परिजन बेहद चिंतित हैं और लगातार उनसे संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।

डॉ. मीना गुप्ता इंग्लैंड के टोरकी में त्वचा रोग विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल से पूरी की थी। वे 14 अगस्त को भारत आईं और इसके बाद काठमांडू के लिए रवाना हुई थीं। डॉ. मीना के पिता करता राम गुप्ता ने भावुक होकर बताया कि बेटी ने उन्हें भी साथ चलने का आग्रह किया था, लेकिन वे नहीं जा सके। रक्षाबंधन पर दिल्ली में उनसे मुलाकात होनी थी, मगर उससे पहले ही इस भयावह हादसे की खबर आ गई।

छत्तीसगढ़ सरकार की अपील और सहायता नंबर

छत्तीसगढ़ शासन ने आपदा की गंभीरता को देखते हुए नेपाल में फंसे या प्रभावित प्रदेशवासियों की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है। आपातकालीन सहायता और सूचना के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं:

टोल फ्री नंबर: 1070

कंट्रोल रूम नंबर: 0771-2223471