सुरक्षित नहीं एक्सप्रेस वे, रतलाम में असामाजिक तत्व द्वारा वाहनों पर किया पथराव कई वाहनों के कांच फूटे, एक घायल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
रतलाम। मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे (एटलेन) पर करीब 2.25 रुपये प्रति किमी का टौल टैक्स चुकाने के बाद भी सफर सुरक्षित नहीं है। प्रतिबंधित होने के बाद भी टू व्हीलर, ट्रैक्टर-ट्राली एक्सप्रेस वे पर चल रही है। इससे हादसे हो रहे हैं। इसके साथ ही एक्सप्रेस वे से निकलने वाले वाहनों पर पथराव भी आम हो चला है। औसतन हर दूसरे-तीसरे दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। शनिवार-रविवार रात फिर से पथराव हुआ, इसमें कई वाहनों के कांच टूट गए व एक व्यक्ति घायल भी हुआ है।



जानकारी के अनुसार रात में बारह से एक बजे के बीच वाहन तेजी से एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बायड़ी के समीप बदमाशों ने 10-12 वाहनों पर पथराव किया। इससे एक ट्राॅला व पांच कारों तथा अन्य वाहनों के कांच टूट गए। एक वाहन में सवार 35 वर्षीय जितेंद्र पाटीदार निवासी ग्राम अमलेटा घायल हो गया। उसे मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है।


पथराव की जानकारी अन्य वाहन चालकों को लगी तो उन्होंने बायड़ी के पहले ही अपने वाहन रोक दिए। जिन लोगों के वाहनों के कांच टूटे थे वे सभी एकत्र हुए और पुलिस व एटलेन संबंधी एजेंसी को सूचना दी। इसके साथ ही धामनोद टोल नाके पर पहुंचकर भी जानकारी दी गई। शिवगढ़ थाने से पुलिस अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिग कर पथराव करने वालों की खोजबीन की, लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस के अनुसार जितेंद्र पाटीदार की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।


पूर्व विधायक के वाहन पर भी हो चुका है पथराव
एटलेन हाईवे पर चार-पांच पहले रावटी थाना क्षेत्र के पास माही नदी की पुलिया व झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में रात के समय कई बार वाहनों पर पथराव करने की घटनाएं हुई थी।
एक फरवरी 2024 की रात भाजपा के पूर्व विधायक दिलीप मकवाना झाबुआ जिले के मेघनगर से रतलाम आ रहे थे। माही नदी की पुलिया के पास सड़क किनारे से अज्ञात लोगों ने उनके स्कार्पियों वाहन पर पथराव कर दिया था। इससे वाहन के आगे का कांच टूट गया था। वाहन चालक तेजी से वहां से वाहन निकालकर लाया था। जावरा के भाजपा नेता प्रदीप चौधरी की कार पर भी पथराव हुआ था। इसके अलावा कई वाहनों पर पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं।





