सावधान! घने कोहरे में वाहन चलाना पड़ सकता है भारी, राजनांदगांव RTO ने जारी की सख्त एडवाइजरी
प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट
*********************************
सावधान! घने कोहरे में वाहन चलाना पड़ सकता है भारी, राजनांदगांव RTO ने जारी की सख्त एडवाइजरी
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पड़ रही कड़ाके की ठंड और छाये घने कोहरे के बीच सड़क हादसों को रोकने के लिए राजनांदगांव परिवहन विभाग (RTO) अलर्ट मोड पर आ गया है। उत्तर भारत के यमुना एक्सप्रेस-वे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हाल ही में हुए भीषण हादसों से सबक लेते हुए आरटीओ ने वाहन चालकों के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है।
हादसों को रोकने चेक पोस्ट पर दी जा रही समझाइश
आरटीओ आनंद शर्मा ने बताया कि जिले के चेक पोस्ट और टोल नाकों पर ट्रक, ट्रेलर, हाईवा और लंबी दूरी की यात्री बसों के ड्राइवरों को रोककर सुरक्षित ड्राइविंग के गुर सिखाए जा रहे हैं। दिसंबर माह में पिकनिक और धार्मिक यात्राओं के कारण हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है, जिसे देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
सुरक्षित सफर के लिए RTO के प्रमुख निर्देश:
लाइट्स का सही प्रयोग: घने कोहरे के दौरान हमेशा ‘फॉग लैंप’ और ‘पार्किंग लाइट’ चालू रखें।
दृश्यता बढ़ाएं: विंडस्क्रीन पर जमी धुंध हटाने के लिए ‘डिफोस्टर’ और ‘वाइपर’ का निरंतर उपयोग करें।
रफ्तार और दूरी: वाहनों के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ओवरटेक करने से बचें।
लेन अनुशासन: अपनी निर्धारित लेन में ही चलें। यदि कोहरा अत्यधिक घना हो और ड्राइविंग असंभव लगे, तो वाहन को सड़क के किनारे सुरक्षित खड़ा कर ‘इंडिकेटर’ चालू कर दें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से खड़े और चलते वाहनों में टकराव का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यात्री बस संचालकों और कमर्शियल वाहन चालकों की जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।









