अंबिकापुर के पशु चिकित्सालय में जल गया बछड़े का शव, दो परिचारक निलंबित

 अंबिकापुर के पशु चिकित्सालय में जल गया बछड़े का शव, दो परिचारक निलंबित

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

 

अंबिकापुर। जिला शासकीय पशु अंबिकापुर में पदस्थ कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने बछड़े के शव को छोड़ दिया। इसकी सूचना नगर निगम को भी नहीं दी गई। इधर बछड़े के शव को किसी ने जला दिया। मामला प्रकाश में आने के बाद दो परिचारक को निलंबित कर दिया गया है। सहायक शल्यज्ञ और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाब मांगा गया है। अंबिकापुर के जिला पशु चिकित्सालय के प्रांगण में बीते 24 मार्च 2024 को 10 माह के मृत बछड़े को सुबह लगभग 11 बजे किसी व्यक्ति द्वारा छोड़ दिए जाने और उक्त मृत पशु को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दिए जाने की घटना प्रशासन के संज्ञान में आई थी।

उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने बताया कि इस प्रकरण की जांच अतिरिक्त उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ अरूण सिंह द्वारा की गई। जांच में पता चला कि पशु चिकित्सालय के प्रागंण में मृत पशु का कुछ भाग जला हुआ पाया गया। इस प्रकरण में पशु चिकित्सालय में पदस्थ परिचारक भागवत राम एवं सखा देवी की लापरवाही प्रदर्शित हुई जिन्होंने घटना की सूचना अपने प्रभारी अधिकारी को नहीं दी और न ही इसकी सूचना नगर पालिका निगम को दी गई। उन्होंने बताया कि कर्तव्य में लापरवाही के कारण कलेक्टर द्वारा जांच प्रतिवेदन अनुसार तत्काल प्रभाव से दोनों परिचारक को निलंबित किया गया है।

 

 

साथ ही जिला पशु चिकित्सालय में पदस्थ डा पीएल शोरी (पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ) एवं आईडी सिंह ( सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी) को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

उनके द्वारा जवाब प्रस्तुत किये जाने के पश्चात्‌ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर सरगुजा द्वारा उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को निर्देशित किया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति ना हो। इस बाबत सारी व्यवस्था सुदृढ होनी चाहिए।