दुर्ग में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बोले- BJP ही ऐसी पार्टी जहां सामान्य कार्यकर्ता को PM और सीएम बनाया जाता है
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
दुर्ग मे आयोजित यादव सम्मेलन में शामिल हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री
बोले-भाजपा ही ऐसी पार्टी जहां सामान्य कार्यकर्ता को पीएम और सीएम बनाया जाता है
अखिलेश यादव पर परिवार का लगाया आरोप
दुर्ग ,, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव मंगलवार को दुर्ग के मानस भवन परिसर में आयोजित यादव सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ही ऐसी राजनीतिक पार्टी है जहां सामान्य कार्यकर्ता को पीएम और सीएम बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मुझ जैसा सामान्य कार्यकर्ता को मध्यप्रदेश जैसे बड़े राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जाता है।


नरेंद्र मोदी से बड़ा उदाहरण और क्या होगा जहां एक चाय वाला विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मुखिया प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित होता है और ना सिर्फ प्रधानमंत्री बनता है वरन प्रधानमंत्री के रूप में भारत के गौरव को विश्व में सर्वोच्च स्थान दिलाने में अपना सर्वस्व लगा देता है।

उत्तर प्रदेश के पूर्वमुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर प्रहार
मोहन यादव ने कहा है कि देश के अन्य राजनीतिक दल परिवार वाद को बढ़ावा देते रहे हैं। जैसे मुलायम सिंह ने अखिलेश यादव और लालू यादव ने अपने परिवार के सदस्यों को आगे किया। लोकतंत्र के लिए सामाजिक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को शिक्षा का महत्व समझना चाहिए। समाज के सभी लोगों का शिक्षित होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण के मानने वाले और राम और कृष्ण के लिए तो हमारी पूरी संस्कृति दुनिया में पहचानी जाती है। भगवान कृष्ण के जीवन काल को हम देखें। समाज के सामने अपना उदाहरण बना के रखा और कोई नहीं हमारे गोपाल कृष्ण भगवान ही तो हैं जिनका पूरा जीवन सबके सामने है।
श्री कृष्ण की तरह हमें भी बनना चाहिए जिस तरह अपने कष्टों का समाधान किया, उसी तरह हमें भी अपनी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। यादव समाज के लोगों में सभी कठिनाइयों में हिम्मत करने का साहस है। उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को भागवत गीता पढ़ाया जाना चाहिए।
संस्कृति और विरासत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि यादव समाज स्वाभिमानी समाज है। समाज ने अपनी संस्कृति और विरासत को संभाल कर रखा है। उन्होंने समाज के सभी क्षेत्रों में यादव समाज को आगे बढ़कर कार्य करने प्रेरित किये।
समारोह में विशिष्ट रूप से मौजूद सांसद विजय बघेल, राजनांदगाव पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व मंत्री व विधायक राजेश मुणत, यादव समाज के संरक्षक बिसरा राम यादव, माया बेलचंदन, संतोष पाण्डेय, राकेश यादव, भूपेंद्र सावन्नी सहित सभी अतिथियों का समाज के युवाओ ने भगवा रंग की पगड़ी बांधकर स्वागत अभिनंदन किया।





