चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में दल-बदल की होड़, अंतागढ़ टेपकांड से चर्चित रहे पूर्व विधायक मंतूराम भाजपा में शामिल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका
200 से ज्यादा ने थामा भाजपा का दामन
रायपुर। लोकसभा चुनाव से पहले दल बदल का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में अंतागढ़ उप चुनाव टेपकांड मामले में चर्चित रहे पूर्व विधायक मंतूराम पवार समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भाजपा में प्रवेश कर लिया है।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा के मोर्चों की संयुक्त बैठक के दौरान अंतागढ़ के पूर्व विधायक मंतूराम राम पवार, बिलासपुर के जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, समर्थक दल के संयोजक जगबंधु विश्वास पवार, बंग समाज के प्रदेश सचिव व सरपंच मनोज मंडल समेत 200 लोगों ने भाजपा प्रवेश किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जगदीश (रामू) रोहरा, भरत वर्मा मौजूद रहे।
इसलिए चर्चा में रहे मंतूराम
साल 2014 में कांकेर जिले के अंतागढ़ के तत्कालीन विधायक विक्रम उसेंडी ने सांसद बनने के बाद इस्तीफा दे दिया। उपचुनावों में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी मंतू राम पवार को बनाया गया। पर बाद मंतूराम ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। बाद में एक कथित फोन काल का आडियो प्रसारित हुआ। आरोप लगे कि अंतागढ़ में खरीद-फरोख्त का खेल हुआ है।
कांग्रेस डूबती नैया है: विष्णुदेव साय
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आप सभी का भाजपा परिवार में स्वागत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब कहीं नहीं दिखती है। कांग्रेस पार्टी डूबती नैया है जिस पर कोई सवार नहीं होना चाहता और जो सवार है वह एक-एक करके भाजपा में आ रहे हैं। जो पार्टी केवल एक ही परिवार पर केंद्रित हो उस कांग्रेस पार्टी में भला कौन रहना चाहेगा। उन्होंने भाजपा प्रवेश करने वाले सभी सदस्यों को भाजपा का गमछा पहनकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने तीन महीने में ही कई वादों को पूरा किया।
कांग्रेस के पास नीति न नियत: किरण सिंह देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कांग्रेस के पास न नीति है न नियत। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को कंगाल किया है। प्रदेश सह प्रभारी नबीन ने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन में भाजपा कार्यकर्ताओं का जिक्र होना यहां के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस केवल भाई भतीजों के लिए कार्य करती है, मोदी देश की जनता के लिए काम करते हैं।





