माडल गोठान के रूप में विकसित होगा ग्राम बेला का गोठान
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
गोठान में सामुदायिक बाड़ी विकास एवं चारागाह निर्माण के लिए भी स्थान चिन्हांकन सहित अन्य तैयारियां पूर्ण करने की बात कही।
कोरबा। कोरबा विकासखंड के बेला गोठान को माडल गोठान के रूप में विकसित किया जाएगा। आवश्यक तैयारी जायजा लेने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को गोठान का निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न अधोसंरचना निर्माण एवं गतिविधियां संचालित कर माडल गोठान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार बेला गौठान को माडल गोठान के रूप में विकसित किया जाएगा। इस के लिए यहां आजीविका संवर्धन गतिविधियां संचालित करने विभिन्न अधोसरंचना निर्माण कर गोठान से जुड़ी महिला समूह को स्वावलंबी बनाया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि माडल गोठान का उद्देश्य पूरा होना चाहिए। इस के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर इस दिशा में प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने गोठान में खाद निर्माण, मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन बाड़ी विकास जैसी अनेक गतिविधियां संचालित करने के लिए महिला समूह का चयन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान करने की बात कही। साथ ही गोठान में सामुदायिक बाड़ी विकास एवं चारागाह निर्माण के लिए भी स्थान चिन्हांकन सहित अन्य तैयारियां पूर्ण करने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संबित मिश्रा उद्यानिकी, पशुपालन सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी, सरपंच, सचिव एवं गोठान से जुड़ी समूह की महिलाएं उपस्थित थे।





