सीसीटीवी फुटेज से 6 घंटे में सुलझी बाइक चोरी की गुत्थी: शातिर आरोपी समेत दो नाबालिग गिरफ्तार, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***********************************

 

 

सीसीटीवी फुटेज से 6 घंटे में सुलझी बाइक चोरी की गुत्थी: शातिर आरोपी समेत दो नाबालिग गिरफ्तार, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद

कुम्हारी, दुर्ग। स्थानीय थाना पुलिस ने क्षेत्र में वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए त्वरित कार्रवाई का बड़ा उदाहरण पेश किया है। स्टेशन चौक स्थित एक कपड़ा दुकान के बाहर से चोरी हुई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के मामले में पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए घटना के महज 6 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई 2 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस ने तत्काल मामले को जांच में लिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने पर पुलिस को तीन संदिग्धों की गतिविधि नजर आई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।

रेकी कर वाहनों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी भगवती यादव और दो नाबालिगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर पहले सुनसान या भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े वाहनों की रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही गाड़ी पार कर देते थे। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल वे आगे की रेकी और अन्य गतिविधियों में ही करते थे।

दो मोटरसाइकिलें बरामद, भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुम्हारी और भिलाई-03 क्षेत्र से चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें जप्त कर ली हैं। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी भगवती यादव को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड (JNB) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस की इस मुस्तैद और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।