नथेला डैम बना ‘डेथ ट्रैप’: 2 माह में दूसरे किशोर की डूबने से मौत, पर्यटन स्थल का दर्जा और कड़े सुरक्षा इंतजामों की उठी मांग
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
नथेला डैम बना ‘डेथ ट्रैप’: 2 माह में दूसरे किशोर की डूबने से मौत, पर्यटन स्थल का दर्जा और कड़े सुरक्षा इंतजामों की उठी मांग
छुईखदान ( खैरागढ़):छुईखदान थाना क्षेत्र के छिंदारी स्थित नथेला डैम में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। भिलाई के जामुल से अपने चार दोस्तों के साथ डैम की प्राकृतिक सुंदरता देखने पहुंचे 16 वर्षीय किशोर आर्यन सिंह की गहरे पानी में समाने से मौत हो गई। करीब दो माह के भीतर इस डैम में डूबने की यह दूसरी घटना है, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाया आर्यन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई (जामुल थाना क्षेत्र) निवासी आर्यन सिंह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने नथेला डैम आया था। घूमते-घूमते वह पानी के करीब गया और अनजाने में गहरे पानी में चला गया। जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते, वह देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लापरवाही या लापरवाही का शिकार? सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
महज दो महीने पहले भी छुईखदान निवासी एक नाबालिग युवक की इसी बांध में डूबने से जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नथेला डैम प्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज है, जिसके कारण यहां रोजाना दर्जनों युवा और सैलानी खिंचे चले आते हैं। लेकिन डैम पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है, न ही सुरक्षा गार्ड या लाइफ जैकेट का कोई इंतजाम है।
पर्यटन स्थल घोषित कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग
लगातार हो रही मौतों से चिंतित ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि:
नथेला डैम को व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
खतरनाक और गहरे पानी वाले इलाकों में सख्त घेराबंदी (फेन्सिंग) और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
सैलानियों की सुरक्षा के लिए स्थायी सुरक्षाकर्मियों और गोताखोरों की तैनाती की जाए।
यदि प्रशासन ने जल्द ही इन हादसों से सबक लेकर कड़े कदम नहीं उठाए, तो नथेला डैम की खूबसूरती का लुत्फ उठाने आने वाले मासूम यूं ही अपनी जान गंवाते रहेंगे।





