रायपुर में ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान तात्यापारा में चाकूबाजी, 3 युवक गंभीर रूप से घायल; पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
रायपुर में ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान तात्यापारा में चाकूबाजी, 3 युवक गंभीर रूप से घायल; पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
रायपुर: राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत तात्यापारा में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान हुए आपसी विवाद में एक बदमाश ने तीन युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई।
विवाद के बाद अचानक चला चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में शामिल कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और तीन युवकों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
कड़े पुलिस पहरे के बीच वारदात से हड़कंप
त्योहार को देखते हुए पूरे शहर और जुलूस मार्ग पर पुलिस बल की तैनात था। इसके बावजूद, भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस तरह की घटना घटित होने से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कुछ संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है और उन्हें आजाद चौक थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और मुख्य आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





