छत्तीसगढ़ के कोरबा में रफ्तार का तांडव: अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत; चांदनी चौक पर चक्काजाम से थमे रोंगा मार्ग के पहिए
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
छत्तीसगढ़ के कोरबा में रफ्तार का तांडव: अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत; चांदनी चौक पर चक्काजाम से थमे रोंगा मार्ग के पहिए
कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदनी चौक के पास सोमवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
शव सड़क पर रख घंटों किया प्रदर्शन
हादसे की खबर मिलते ही मृतक युवकों के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित भीड़ ने रोंगा-बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर दोनों शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर उतर कर नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों आवाजाही पूरी तरह ठप रही।
प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात, स्थिति तनावपूर्ण
चक्काजाम और बढ़ते जनाक्रोश की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की नजाकत को देखते हुए नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को शांत कराने और समझाइश देकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने रखी स्पीड ब्रेकर और रफ्तार पर लगाम की मांग
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी और तेज रफ्तार वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखीं:
बांकीमोंगरा के चांदनी चौक पर तत्काल प्रभाव से स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए।
मुख्य मार्ग पर फर्राटा भरने वाले भारी और तेज रफ्तार वाहनों की गति सीमा पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए।
पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी जायज मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





