दुर्ग जिले में मानसून मेहरबान: 1 जून से अब तक 567.1 मिमी बारिश दर्ज, पाटन में सबसे ज्यादा तो धमधा रहा पीछे
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**********************************
दुर्ग जिले में मानसून मेहरबान: 1 जून से अब तक 567.1 मिमी बारिश दर्ज, पाटन में सबसे ज्यादा तो धमधा रहा पीछे
दुर्ग। दुर्ग जिले में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। 1 जून से 17 अगस्त की अवधि में जिले में कुल 567.1 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का वितरण काफी असमान रहा है। तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पाटन तहसील में सबसे अधिक 690.2 मिमी बारिश हुई है, जो कि जिले के कुल औसत से 123.1 मिमी अधिक है। इसके विपरीत, धमधा तहसील में सबसे कम 419.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो औसत से 147.9 मिमी कम है। इस तरह पाटन और धमधा के बीच बारिश का अंतर 271 मिमी तक पहुंच गया है।
कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले की अन्य तहसीलों में भी बारिश के आंकड़े अलग-अलग रहे हैं। पाटन के बाद दूसरे स्थान पर दुर्ग तहसील है, जहां 638.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं भिलाई-3 में 612.4 मिमी, बोरी में 577.1 मिमी और अहिवारा में 465.4 मिमी बारिश हुई है।
17 अगस्त को सभी छह तहसीलों में बरसे बदरा
17 अगस्त को भी जिले के सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दिन भिलाई-3 में सबसे ज्यादा 8.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य तहसीलों के आंकड़े इस प्रकार रहे:
भिलाई-3: 8.5 मिमी
दुर्ग: 8.2 मिमी
पाटन: 7.1 मिमी
अहिवारा: 6.6 मिमी
धमधा: 1.8 मिमी
बोरी: 1.0 मिमी
मौसम के इन आंकड़ों से साफ जाहिर होता है कि जिले के कुछ इलाकों में जहां मानसून की अच्छी मेहरबानी रही है, वहीं धमधा और अहिवारा जैसे क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा अब भी जिले के औसत से काफी नीचे बना हुआ है।





