रायगढ़ में आफत की बारिश: केलो डैम के खोले गए 4 गेट, उफान पर नदी; छोटे रपटा पुल के ऊपर बहा पानी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
रायगढ़ में आफत की बारिश: केलो डैम के खोले गए 4 गेट, उफान पर नदी; छोटे रपटा पुल के ऊपर बहा पानी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार से जारी मूसलाधार बारिश के चलते केलो डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। डैम में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए रविवार देर रात प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए डैम के 4 गेटों को 25 सेंटीमीटर तक खोल दिया है। इसके बाद से ही केलो नदी पूरे उफान पर है और सोमवार सुबह छोटे रपटा पुल के ऊपर से पानी बहना शुरू हो गया है
।खतरे के निशान के पास पहुंचा जलस्तर
जिले समेत ऊपरी इलाकों में हो रही लगातार भारी बारिश की वजह से केलो डैम में पानी का इनफ्लो तेजी से बढ़ रहा है।
अधिकतम जलभराव स्तर: 233.00 मीटर
वर्तमान जलस्तर: 230.30 मीटर तक पहुंच चुका है।केलो परियोजना के कार्यपालन अभियंता एम.के. गुप्ता ने बताया कि एहतियात के तौर पर रात में ही गेट खोलने का निर्णय लिया गया था। डैम की पल-पल मॉनिटरिंग की जा रही है और सुरक्षा मानदंडों के अनुसार आगे के फैसले लिए जाएंगे।
प्रशासन हाई अलर्ट पर, तटीय बस्तियों को चेतावनी
केलो नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए नगर निगम और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा सतर्कता बरतने की सख्त हिदायत दी गई है।
सुरक्षा के लिए शहर 4 जोन में बंटा, टीमें तैनात
हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने तत्काल प्रभाव से पूरे शहर को 4 सुरक्षा जोन में विभाजित कर दिया है।हर जोन के लिए विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।रविवार रात से ही ये टीमें सक्रिय हैं और संवेदनशील मोहल्लों तथा तटीय इलाकों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा राहत टीमों को तैयार रखा गया है।





