दर्दनाक हादसा: शिवनाथ नदी में डूबने से केरल के युवक की मौत, भिलाई के इंडियन कॉफी हाउस में करता था काम
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
दर्दनाक हादसा: शिवनाथ नदी में डूबने से केरल के युवक की मौत, भिलाई के इंडियन कॉफी हाउस में करता था काम
दुर्ग/भिलाई:दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ अपने दोस्तों के साथ नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान आशिन ओएस के रूप में हुई है, जो मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले का निवासी था। वह भिलाई के सुपेला स्थित होटल इंडिया के ‘इंडियन कॉफी हाउस’ में वेटर के रूप में कार्यरत था। इस दुखद घटना के बाद से क्षेत्र और उसके कार्यस्थल पर शोक का माहौल है।
साप्ताहिक अवकाश पर दोस्तों के साथ गया था घूमने
नगर पुलिस अधीक्षक (नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग) हर्षित मेंहर से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण आशिन अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए शिवनाथ नदी के रसमड़ा-पिपरछेड़ी घाट पहुँचा था। आशिन को तैरना आता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके बाकी साथी किनारे पर ही मौजूद थे।
गहरे पानी का अंदाज़ा न होने से बिगड़ा संतुलन
नहाने के दौरान आशिन नदी के एक बेहद गहरे हिस्से में चला गया। पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। उसे डूबता देख किनारे पर मौजूद उसके दोस्तों ने तुरंत आपातकालीन सेवा डायल-112 को इसकी सूचना दी।
रास्ते में दिया गया CPR, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही राहत दल और एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुँचे। कड़े मशक्कत के बाद आशिन को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल के लिए रवाना किया गया। एम्बुलेंस में रास्ते भर उसे सीपीआर (CPR) भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जिला अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।
परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था आशिन
परिजनों और करीबियों के मुताबिक, आशिन अपने पूरे परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी इस असमय मौत से केरल में रह रहे उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, उसके पार्थिव शरीर को रायपुर एयरपोर्ट से विमान के माध्यम से केरल भेजने की तैयारी की गई।





