दुर्ग को मिलेगी 259 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल करेंगे 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन, महापौर सौंपेंगी 100 करोड़ का मांग पत्र
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
दुर्ग को मिलेगी 259 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल करेंगे 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन, महापौर सौंपेंगी 100 करोड़ का मांग पत्र
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 31 मई को दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री दुर्ग शहर को बड़ी सौगात देते हुए 259 करोड़ रुपये की लागत वाले कुल 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इस भव्य कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने जेआरडी शासकीय स्कूल मैदान का निरीक्षण कर तैयारियां पूरी कर ली हैं.कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी मंच साझा करेंगे।
नए निगम भवन के लिए 20 करोड़ समेत 100 करोड़ का सौंपा जाएगा ज्ञापन
इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार शहर के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री को करीब 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति का ज्ञापन सौंपेंगी। इस प्रस्ताव में नगर निगम की नई बिल्डिंग, ऑडिटोरियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सियान सदन, जलभराव की समस्या का निराकरण और अधोसंरचना विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।वर्तमान में नगर निगम के कई विभाग अलग-अलग भवनों से चल रहे हैं, जिससे जनता को परेशानी होती है। सभी विभागों को एक ही छत के नीचे लाने के लिए लंबे समय से नए निगम भवन की मांग की जा रही है। पूर्व की सरकारों के प्रयास धरे रह जाने के बाद, अब सिंचाई विभाग ने जमीन के लिए एनओसी (NOC) जारी कर दी है। इसके बाद महापौर नए भवन के निर्माण के लिए विशेष रूप से 20 करोड़ रुपये की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखेंगी।
248 करोड़ के 66 कार्यों का होगा भूमिपूजन
शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 248 करोड़ रुपये की लागत से 66 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन प्रमुख कार्यों में शामिल हैं:
77 एमएलडी एसटीपी (STP) का निर्माण
मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी के तहत कम्पोस्ट प्लांट का निर्माण
इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग व्यवस्था
छात्रों के लिए नालंदा परिसर का निर्माण
विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली और पुलिया निर्माण
शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, केनाल रोड और सिकोला नाला विकास
नए जलागारों का निर्माण और पाइपलाइन विस्तार कार्य11.32 करोड़ के 25 कार्यों की मिलेगी सौगात
भूमिपूजन के साथ ही मुख्यमंत्री शहरवासियों को करीब 11.32 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हो चुके 25 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इन लोकार्पित होने वाले कार्यों में मुख्य रूप से शामिल हैं:
शहर का नया मॉडल स्ट्रीट फूड हब
विभिन्न वार्डों में पेवर ब्लॉक और डामरीकरण का कार्य
मेनोनाइट चौक से चौपाटी तक मार्ग का चौड़ीकरण
गंजपारा चौक से शिवनाथ नदी तक सड़क का उन्नयन और सौंदर्यीकरण
मुख्यमंत्री के इस दौरे और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों से दुर्ग शहर की सूरत बदलने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





