दुर्ग में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत: मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप, परिजनों का हंगामा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************†**********
दुर्ग में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत: मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप, परिजनों का हंगामा
दुर्ग। रेलवे पुलिस भिलाई क्षेत्र के पुरैना स्थित स्टोर पारा में एक 29 वर्षीय युवक अपने घर के बिस्तर पर मृत मिला। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आक्रोशित मोहल्लेवासियों और परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।जीआरपी प्रभारी डीएन श्रीवास्तव के अनुसार, मृतक की पहचान नसरू सोना (29 वर्ष) के रूप में हुई है। बुधवार रात को नसरू भोजन करने के बाद अपने परिवार के साथ सो गया था। गुरुवार सुबह जब उसके पिता उसे जगाने गए, तो नसरू बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी भिलाई-3 थाना को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस की लापरवाही पर भड़के लोग
स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि 19 मई को कुछ युवकों ने नसरू के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। नसरू ने इस हमले की शिकायत जीआरपी थाने में दर्ज कराई थी और हमलावरों के नाम भी पुलिस को बताए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो आज युवक की जान बच सकती थी। इसी लापरवाही से नाराज होकर लोगों ने प्रदर्शन किया।
जांच में जुटी जीआरपी(रेलवे पुलिस)
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी ने स्थानीय लोगों के आरोपों और नसरू की शिकायत के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।





