मंडी उपनिरीक्षक का नशे में धुत्त वीडियो वायरल: सरकारी गाड़ी में मिले मनीष सिंह पोर्ते, अवैध वसूली और बदसलूकी के भी गंभीर आरोप
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
मंडी उपनिरीक्षक का नशे में धुत्त वीडियो वायरल: सरकारी गाड़ी में मिले मनीष सिंह पोर्ते, अवैध वसूली और बदसलूकी के भी गंभीर आरोप
भटगांव/सारंगढ़-बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ के भटगांव नगर स्थित कृषि उपज मंडी एक बार फिर विवादों के घेरे में है। यहाँ तैनात मंडी उपनिरीक्षक मनीष सिंह पोर्ते का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे ड्यूटी के दौरान मंडी परिसर के भीतर ही उड़नदस्ता वाहन में नशे की हालत में नजर आ रहे हैं।
धान खरीदी के बीच अनुशासन की उड़ी धज्जियाँ
बताया जा रहा है कि यह वीडियो धान खरीदी सीजन के दौरान का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी सरकारी वाहन के भीतर नशे में धुत हैं। इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली और शासकीय अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुराना है विवादों से नाता: गाली-गलौज और वसूली के आरोप
स्थानीय सूत्रों और कर्मचारियों के अनुसार, उपनिरीक्षक मनीष सिंह पोर्ते का विवादों से पुराना नाता रहा है। उन पर पूर्व में भी सहकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने, कॉलर पकड़कर धमकाने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लग चुके हैं। आरोप है कि हर बार माफी मांगकर वे बच निकलते थे, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।
वर्तमान में उन पर सबसे गंभीर आरोप ‘उड़नदस्ता’ गाड़ी का दुरुपयोग कर अवैध वसूली करने का है। बताया जा रहा है कि वे नशे की हालत में घूम-घूमकर धान कोचियों और महुआ विक्रेताओं को डराते हैं और मंडी शुल्क के बजाय व्यक्तिगत रूप से पैसों की उगाही करते हैं।
लाइसेंस धारी व्यापारियों से भी ‘सेटिंग’ का खेल
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में महुआ का बड़ा कारोबार होता है। मंडी समिति हर साल लगभग 70 से 100 छोटे व्यापारियों को लाइसेंस जारी करती है, लेकिन आरोप है कि नियम अनुसार शुल्क लेने के बजाय व्यक्तिगत लाभ को प्राथमिकता दी जाती है। चर्चा है कि उपनिरीक्षक के खिलाफ विभागीय जांच पहले से लंबित है, फिर भी उन्हें अब तक संरक्षण प्राप्त है।
वर्जन: जल्द होगी कार्रवाई
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक ने कड़ा रुख अपनाया है।
“मैंने वीडियो और शिकायत का संज्ञान ले लिया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए इसे बिलासपुर संयुक्त संचालक को भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— महेंद्र सिंह सवन्नी, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य मंडी बोर्ड, रायपुर
अब देखना होगा कि वीडियो साक्ष्य सामने आने के बाद विभाग इस बार क्या ठोस कदम उठाता है या मामला फिर आश्वासन की भेंट चढ़ जाएगा।





