बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा, वसूला 1.10 लाख का जुर्माना
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा, वसूला 1.10 लाख का जुर्माना
बालोद। सड़क सुरक्षा को लेकर बालोद पुलिस इन दिनों सख्त रुख अपनाए हुए है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में दिनांक 20.04.2026 को कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के माध्यम से कुल 11 प्रकरणों में 1,10,500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

शासकीय चालक पर भी गिरी गाज
पुलिस की इस कार्रवाई की जद में एक शासकीय वाहन चालक भी आया। शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नियम तोड़ने वाला चाहे आम नागरिक हो या शासकीय कर्मचारी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
लायसेंस होंगे सस्पेंड, दोबारा पकड़े गए तो हमेशा के लिए निरस्त
बालोद पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए सभी 10 वाहन चालकों के ड्राइविंग लायसेंस 06 माह के लिए सस्पेंड करने हेतु परिवहन विभाग को पत्र जारी किया है। यातायात विभाग के अनुसार, यदि कोई चालक दूसरी बार शराब पीकर वाहन चलाते पाया जाता है, तो उसका लायसेंस स्थायी रूप से निरस्त कर दिया जाएगा।
जुर्माने और सजा का प्रावधान
ज्ञात हो कि शराब पीकर वाहन चलाने पर प्रथम अपराध के लिए 10,000 रुपये जुर्माना और 06 माह के कारावास का प्रावधान है। वहीं, दूसरी बार पकड़े जाने पर 15,000 रुपये जुर्माना और 02 साल तक की जेल हो सकती है।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस बालोद ने आम जनता से अपील की है कि वे मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, नाबालिगों को वाहन न दें और हमेशा हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें। पुलिस ने कहा कि आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है, कृपया यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनें।





