खुर्सीपार में ‘नकली पिस्टल’ का टशन पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर स्टेटस डाल लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

 खुर्सीपार में ‘नकली पिस्टल’ का टशन पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर स्टेटस डाल लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

खुर्सीपार में ‘नकली पिस्टल’ का टशन पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर स्टेटस डाल लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार इलाके में मंगलवार दोपहर पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो नकली पिस्टल के दम पर इलाके में अपनी धाक जमाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी न केवल सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को हथियार दिखाकर डरा रहा था, बल्कि उसने सोशल मीडिया पर भी बंदूक के साथ अपना स्टेटस डाला था। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल की दोपहर पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि जीरो स्ट्रीट स्थित शहीद भगत सिंह गार्डन के पास एक युवक पिस्टल लेकर घूम रहा है और राहगीरों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख युवक घबराकर अपनी जेब में कुछ छिपाने लगा। संदेह होने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक स्टील की पिस्टल और प्लास्टिक की गोलियां बरामद हुईं।

ऑनलाइन मंगाई थी टॉय गन

पकड़े गए आरोपी की पहचान एकता नगर निवासी टी. मधुसूदन (30 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि उसने यह ‘रेंजर टॉय गन’ ऑनलाइन खरीदी थी। पिस्टल दिखने में बिल्कुल असली हथियार जैसी है, जिसके साथ आरोपी 7 प्लास्टिक की गोलियां (बारूद युक्त) भी रखे हुए था। आरोपी ने बताया कि वह केवल लोगों पर प्रभाव जमाने और उन्हें डराने के लिए इसे अपने पास रखता था।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1400 रुपये कीमत की टॉय गन और गोलियां जब्त कर ली हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 6 और 28 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।