दुर्ग: इंदिरा मार्केट की दो दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
दुर्ग: इंदिरा मार्केट की दो दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
दुर्ग। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्ततम इंदिरा मार्केट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने मार्केट स्थित ‘अदिति फैशन’ और एक जूते-चप्पल की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकानों में रखा लाखों रुपये का कपड़ा, फुटवियर और फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।
दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जिला प्रशासन का दमकल विभाग तत्काल हरकत में आया। अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र सिंह के नेतृत्व में दमकल की 4 से 5 गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। फायर फाइटर्स ने दुकान के अंदर और छत पर चढ़कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोका।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्राथमिक दृष्टि में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुकान मालिकों को इस घटना से भारी आर्थिक नुकसान पहुँचा है।
जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग जिला अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को रवाना किया गया था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने की स्पष्ट वजह सामने आ सके।





